कामता नाथ सिंह
रायबरेली:- गुरुवार रात लगभग 08 बजे डीह थाने की परशदेपुर चौकी क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हो गया।निनावां पानी की टंकी के समीप हुए इस हादसे में बोलेरो चला रहे 40 वर्षीय प्रदीप शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो सगे भाई घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनापुर निवासी तीन सगे भाई बोलेरो संख्या UP 36 B 2601 से फतेहपुर से अपने घर लौट रहे थे।
परशदे पुर -अमेठी रोड पर निनावां पानी की टंकी के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। 40 वर्षीय बोलेरो चालक प्रदीप शुक्ला पुत्र राम आसरे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके भाई नन्हू शुक्ला और प्रमोद शुक्ला घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीह पहुंचाया। चौकी प्रभारी मोहित भारद्वाज ने बताया कि बोलेरो पलटने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।