शरद पूर्णिमा पर दहिसर में डांडिया रास की धूम, 250 से अधिक प्रतिभागियों ने बिखेरा रंग

रवीन्द्र मिश्रा, संवाददाता

मुंबई। शरद पूर्णिमा के अवसर पर मुंबई के दहिसर पूर्व स्थित राजश्री बैंक्वेट हॉल में डांडिया रास का भव्य आयोजन किया गया। पिपलेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट एवं राष्ट्रीय जागरण मंच के संस्थापक अध्यक्ष रमेश पाण्डेय के आयोजन में 250 से अधिक महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकर्षक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया और गरबा नृत्य से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चले इस कार्यक्रम में गरबा प्रेमियों ने पूरे उत्साह के साथ नृत्य किया। आयोजकों की ओर से प्रतिभागियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए थे। इनमें सुंदर नृत्य, आकर्षक वेशभूषा, नृत्य की भाव-भंगिमा और आकर्षक श्रृंगार जैसी श्रेणियां शामिल थीं। कार्यक्रम में भावेश पंचाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर वीना पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, समाजसेवी सुभाष पांडेय, सामना के पत्रकार अनिल पांडेय और पत्रकार रवीन्द्र मिश्रा को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

कार्यक्रम में अनुजा शाह, निलेश गोस्वामी, कृतिका भट्ट, हित चोटानी, निधि कानडिया, चिराग सोनी, समय त्रिवेदी, गीता वीरजी, निखिल सोनार, पूजा सोनार, प्रांती शाह और कविता गोहिल सहित अन्य प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। सभी सम्मानित प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुष्पगुच्छ और सम्मान चिह्न भेंट किए गए।

कार्यक्रम का मंच संचालन धनंजय कुलकर्णी ने किया। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस डांडिया रास में प्रतिभागियों के उत्साह और सांस्कृतिक रंगों ने आयोजन को यादगार बना दिया।