अमेठी: ग्रामसभा दरखा (पूरे शिवलाल) में आयोजित नवदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण यज्ञ के छठे दिन सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण की पावन बाल लीलाओं और गोवर्धन धारण के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा श्रवण के लिए पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भजनों की धुन पर भक्तगण भावविभोर होकर झूम उठे।

अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास डॉ. रघुपति त्रिपाठी जी महाराज ने श्रीकृष्ण की माखन चोरी, कालिया मर्दन और ब्रजवासियों की रक्षा हेतु कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण करने की लीला का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान सदैव अपने भक्तों के अहंकार को दूर कर उनकी रक्षा करते हैं। कथा के मध्य प्रस्तुत किए गए संगीतमय भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कथा के विश्राम पर मुख्य यजमान डॉ. आशुतोष द्विवेदी, रीता देवी तथा कार्यक्रम के आयोजक सौरभ द्विवेदी (जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय हिन्दू स्वयंसेवक संघ युवा प्रकोष्ठ एवं विधानसभा संयोजक, भाजपा आईटी विभाग अमेठी) ने सभी आगंतुकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस पावन अवसर पर कृपा शंकर द्विवेदी, रमाशंकर द्विवेदी, रामसेवक मिश्र शास्त्री जी, रामसागर मिश्रा, अमित शुक्ला, गायत्री शुक्ला सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और भक्तगण उपस्थित रहे।