जगदीश प्रसाद

छानबे। जिगना थाना क्षेत्र के हरगढ़ गांव में मंगलवार को हनुमान मंदिर के पास दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ लोगों ने प्रतिमा स्थापना का विरोध करते हुए जमीन पर अपना हक जताया। मौके पर राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।

मामले की जानकारी होने पर नायब तहसीलदार गरिमा यादव मौके पर पहुंचीं। जमीन पर हक जताने वाले व्यक्ति से उन्होंने पहले जमीन की नापजोख कराने की बात कही। उनके निर्देश पर राजस्व निरीक्षक विजय शंकर ने लेखपालों की टीम के साथ अभिलेखों के आधार पर संबंधित जमीन की पैमाइश कराई।

पैमाइश के दौरान हकदारी जताने वाले लोगों को निराशा हाथ लगी। जांच में हनुमान मंदिर के सामने स्थित जमीन संबंधित व्यक्ति के हिस्से में होने की बात सामने आई। हालांकि, मौके पर तत्काल कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया।

नायब तहसीलदार गरिमा यादव ने बताया कि पुरानी हरगढ़ बाजार में सड़क के किनारे मंदिर के आसपास की जमीन का मामला है। पैमाइश की रिपोर्ट एसडीएम सदर को भेजी जाएगी और अंतिम निर्णय एसडीएम स्तर से लिया जाएगा। फिलहाल दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने वाले लोगों से धैर्य बनाए रखने को कहा गया है।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि तनाव की आशंका को देखते हुए सुबह से ही मौके पर एक उपनिरीक्षक और दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी। भीड़ बढ़ने पर वह भी पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे।