प्रयागराज अधिवक्ता हत्याकांड के विरोध में कायस्थ समाज ने उठाई आवाज, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क

बरेली (आज समाचार सेवा)। प्रयागराज में अधिवक्ता सर्वेश चंद्र श्रीवास्तव की हत्या की घटना को लेकर कायस्थ समाज में गहरा आक्रोश है। इस घटना के विरोध में अखिल भारतीय चित्रांश वंशज महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेंद्र माथुर एवं राष्ट्रीय मार्गदर्शक जयप्रकाश श्रीवास्तव अमेठी के निर्देशन में उत्तर प्रदेश चित्रांश वंशज महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने बरेली में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

महासभा ने मांग की कि इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए और परिवार की बेटियों को सरकारी नौकरी देकर उनकी आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया। प्रतिनिधिमंडल में वेद प्रकाश, अरुण भटनागर, डॉ. एस.पी. सक्सेना, अशोक सक्सेना, अनिल कुमार सक्सेना, अक्षय कुमार बिसारिया, दिनेश सक्सेना, श्वेतांक अस्थाना, राज सक्सेना, श्रीमती मंजू लता, अमित आनंद, अंश सक्सेना, सुनील सक्सेना एवं अमित सक्सेना सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

महासभा के सदस्यों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संगठन अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।