रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क

बड़ोदरा। गुजरात के बड़ोदरा शहर में लंगूरों की बढ़ती गतिविधियों से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। छाणी जकातनाका क्षेत्र की एक आवासीय सोसायटी में लंगूर ने अचानक एक महिला पर हमला कर दिया। घटना के बाद परिसर में रहने वाले लोगों के बीच भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, टीपी-13 रोड स्थित इन्फिनियम फ्लैट्स परिसर में महिला गुजर रही थी। इसी दौरान एक लंगूर ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

यह पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र के निवासियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि आसपास के इलाकों में भी लंगूरों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

स्थानीय निवासियों ने संबंधित प्रशासन और वन विभाग से मामले में उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।