नई दिल्ली/बलांगीर, 15 नवंबर। ओडिशा के गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 14 नवंबर को बलांगीर में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में घोषणा की कि ओडिशा के गरीब परिवारों को तत्काल पांच लाख नए पक्के मकान दिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में कोई भी पात्र गरीब परिवार कच्चे मकान या झोपड़ी में रहने को मजबूर नहीं रहेगा।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण आवास, महिला सशक्तीकरण, कृषि विकास और पंचायतों के लिए वित्तीय सहायता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर बलांगीर में नए कृषि कॉलेज का शिलान्यास भी किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आवास के लिए पात्र परिवारों का सही सर्वेक्षण किया जा चुका है और सभी जरूरतमंद परिवारों को चरणबद्ध तरीके से पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मकानों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सब्सिडी उपलब्ध कराएंगी। इससे परिवारों का बिजली बिल शून्य करने में मदद मिलेगी और अतिरिक्त बिजली बेचकर आमदनी अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा।

ओडिशा की 29 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री मोहन माझी के नेतृत्व में ओडिशा की 29 लाख महिलाओं के लखपति दीदी बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य ने निर्धारित 27 लाख महिलाओं के लक्ष्य को एक साल पहले ही पार कर लिया है। उन्होंने सुभद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता मिलने से उनके आत्मविश्वास और सम्मान में वृद्धि हुई है।

केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में देशभर की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंकों के माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराने का अभियान चलाया जाएगा। अब केवल स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से अपना कारोबार या व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को भी आसानी से ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

बलांगीर का कृषि कॉलेज बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान

किसानों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों की सेवा करना भगवान की पूजा के समान है। उन्होंने बलांगीर में शिलान्यास किए गए नए कृषि कॉलेज को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और भारत सरकार के सहयोग से देश का सर्वश्रेष्ठ कृषि संस्थान बनाने का संकल्प व्यक्त किया। यहां देश के शीर्ष वैज्ञानिक किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर उत्पादन के लिए मार्गदर्शन देंगे।

उन्होंने बताया कि ओडिशा की कृषि व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर विशेष रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत खेतों के ऊपर सोलर पैनल लगाए जाएंगे और नीचे फल तथा सब्जियों की खेती की जा सकेगी। इससे किसानों को खेती के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन से भी अतिरिक्त आमदनी प्राप्त होगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित रह गए पात्र किसानों के नाम अब सूची में जोड़ दिए गए हैं।

हर पंचायत को पांच साल में मिलेंगे 1 से 2 करोड़ रुपये

ग्रामीण विकास की योजनाओं का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 'विकसित भारत-जी राम जी' योजना के तहत इस वर्ष ओडिशा को लगभग 4,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके माध्यम से राज्य की प्रत्येक पंचायत को सालाना 25 से 50 लाख रुपये तक विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पांच वर्षों में छोटी पंचायतों को लगभग एक करोड़ रुपये और बड़ी पंचायतों को दो करोड़ रुपये तक की राशि मिल सकेगी। इस धनराशि से गांवों में सड़क, नाली, स्कूल, पंचायत भवन, किसानों के खेतों तक पहुंच मार्ग और जल संरक्षण के लिए तालाबों का निर्माण कराया जा सकेगा।

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत 1,700 किलोमीटर सड़कों को मंजूरी दी गई है। अब शेष गांवों को भी पक्की सड़कों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन माझी के नेतृत्व में ओडिशा में विकास का महायज्ञ जारी है।

विकसित भारत के संकल्प में विकसित ओडिशा की महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने ओडिशा की समृद्ध लोक संस्कृति, बलांगीर की परंपराओं, नुआखाई पर्व और ढालखाई-रसरकेली लोकनृत्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से विकसित ओडिशा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वे यहां किसी विशिष्ट अतिथि या मेहमान के रूप में नहीं, बल्कि कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री के नाते जनता के सेवक बनकर आए हैं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनता में ही भगवान के दर्शन होते हैं और प्रदेश की महिलाओं में सुभद्रा मैया दिखाई देती हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें सरल, सहज और लगातार काम करने वाला जनसेवक बताया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री कनक वर्धन सिंह देव, पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग, सांसद संगीता कुमारी सिंह देव तथा विधायक नवीन कुमार जैन, लक्ष्मण बाग और रूपा मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित ओडिशा का निर्माण जरूरी है। ग्रामीण आवास, महिला उद्यमिता, किसान कल्याण और पंचायतों के विकास से राज्य की तस्वीर बदलने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।