अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, तलाशी में नहीं मिली मदिरा
भैयालाल धाकड़, संवाददाता
विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए किए जा रहे मैदानी भ्रमण के दौरान ग्राम पुरा गोसाईं में अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया। गांव की ग्रामीण महिलाओं ने कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के समक्ष अवैध शराब की बिक्री की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में आबकारी विभाग की टीम समस्त आबकारी स्टाफ के साथ थाना ग्यारसपुर की चौकी अटारीखेड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पुरा गोसाईं पहुंची। यहां ग्रामीण महिलाओं और महिला समूह के सदस्यों की मौजूदगी में संतोष आदिवासी, महेश आदिवासी और जग्गनाथ मीणा के घरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई। जांच के समय संबंधित व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं पाए गए।
ग्रामीण महिलाओं की ओर से अवैध रूप से शराब बेचने की शिकायत को देखते हुए आबकारी विभाग ने गांव में निगरानी और गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया है। वृत्त आबकारी उप निरीक्षक संजय इवने को ग्राम पुरा गोसाईं में प्रतिदिन गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग का उद्देश्य अवैध मदिरा की बिक्री और परिवहन पर प्रभावी निगरानी रखना तथा शिकायतों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.