स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ पटवारी सम्मानित, कलेक्टर ने प्रदान किए प्रमाण पत्र
भैयालाल धाकड़/संवाददाता
विदिशा। जिले में स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को भूमि स्वामित्व अधिकारों का लाभ दिलाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ पटवारियों को कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 250 से अधिक स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण कराने वाले पटवारियों के कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती दीपाश्री गुप्ता भी मौजूद रहीं।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता द्वारा योजना की नियमित समीक्षा और मैदानी स्तर पर प्रगति को गति देने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी पहल के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर निवासरत परिवारों को उनकी संपत्ति का विधिवत अधिकार उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। इसमें मैदानी स्तर पर पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
5 नवंबर की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले के आठ पटवारियों ने 250 से अधिक स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण की हैं। इनमें शमशाबाद तहसील के पटवारी मनीष कुमार सरवैया ने 418 तथा श्रीमती राखी बाजपेयी ने 304 रजिस्ट्रियां पूर्ण कीं। कुरवाई तहसील के मोहित सिंह परमार ने 346, सिरोंज तहसील के विकास कुमार श्रीवास्तव ने 306 एवं नरेन्द्र बैरागी ने 273, नटेरन तहसील के शिवेन्द्र सिंह पंवार ने 284, विदिशा तहसील के नितिन कुमार पंथी ने 276 तथा त्योंदा तहसील के शैलेश कुमार गायकवाड़ ने 269 स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण की हैं।
अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार इन पटवारियों द्वारा कुल 3,263 स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण की गई हैं। इनके कार्यक्षेत्र में कुल 5,334 हितग्राही एवं 5,445 भूखंड दर्ज हैं। यह उपलब्धि मैदानी अमले की सक्रियता, सतत प्रयासों और योजना के क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उल्लेखनीय है कि विदिशा जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि का अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए अभियान के रूप में कार्य किया जा रहा है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.