आर एस न्यूज़
वसई : वसई-विरार महानगरपालिका ने ऐतिहासिक धरोहर जंजीरा वसई किला और उसके आसपास के क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर किले को नया स्वरूप देने की पहल की है। यह अभियान महापौर अजीव पाटील के निर्देश, आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे की देखरेख में महानगरपालिका के घनकचरा प्रबंधन विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है।
पिछले 10 दिनों से जारी इस अभियान के तहत प्रभाग समिति ‘आई’ के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रवीणा कदम तथा कनिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक उमेश आडे के मार्गदर्शन में सफाई कर्मचारियों ने योजनाबद्ध तरीके से किले और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई की। बुधवार सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक 15 कर्मचारियों की टीम ने बंदर दरवाजा, समुद्री प्रवेश द्वार, श्री हनुमंत मंदिर परिसर, बंदर कुएं का क्षेत्र, धान्य कोठार तथा चौकी परिसर में फैली घनी झाड़ियों, कांटेदार पौधों, घास और बेलों को हटाकर पूरे क्षेत्र को साफ किया। इस दौरान पुरातात्विक संरचनाओं और ऐतिहासिक इमारतों को किसी भी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना सफाई का कार्य किया गया, जिससे अब पर्यटकों के लिए किले के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचना और भ्रमण करना अधिक सुगम हो गया है।
जंजीरा वसई किला महाराष्ट्र के प्रमुख ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन स्थानीय लोगों के अलावा देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। किले की प्राचीन इमारतें, विशाल प्राचीर, मंदिर, चर्च और अन्य ऐतिहासिक अवशेष वसई के गौरवशाली इतिहास, मराठा विरासत और पुर्तगाली स्थापत्य कला के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इन्हीं धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है।
महानगरपालिका ने बताया कि शहर के ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले, आगंतुकों की सुविधाओं में वृद्धि हो और शहर की स्वच्छ एवं सकारात्मक पहचान मजबूत हो।
इस अभियान में महापौर अजीव पाटील, आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी., अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे, नगरसेवकों, महानगरपालिका के घनकचरा प्रबंधन विभाग तथा केंद्रीय पुरातत्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए श्रीदत्त राऊत की ओर से समस्त किल्ले वसई मोहीम दुर्गमित्र परिवार ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
महानगरपालिका ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे किले परिसर में प्लास्टिक अथवा अन्य प्रकार का कचरा न फैलाएं, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें तथा इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण में अपना सक्रिय सहयोग दें।