Menu
Select Language
EN
HI

दाभोसा वॉटरफॉल स्काई वॉक पुल का 15 अगस्त को होगा उद्घाटन, उससे पहले प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित

E

Entertainment Desk

Aug 07, 2026 • 40 Views

दाभोसा वॉटरफॉल स्काई वॉक पुल का 15 अगस्त को होगा उद्घाटन, उससे पहले प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित

 

पालघर, 6 अगस्त। पालघर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दाभोसा वॉटरफॉल स्थित स्काई वॉक पुल का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके मद्देनजर पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक की अध्यक्षता में गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्काई वॉक की सुरक्षा व्यवस्था, पर्यटकों की सुविधाओं और उद्घाटन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में पालकमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आधिकारिक उद्घाटन से पहले किसी भी व्यक्ति को स्काई वॉक पर प्रवेश नहीं दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाएं और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पहले पार्किंग, लेन मार्किंग, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का कार्य पूरा किया जाए। साथ ही सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर उद्घाटन कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।

बैठक में वन विभाग को भी पर्यटन स्थल पर सक्रिय भूमिका निभाने, आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, नियमित निरीक्षण करने तथा जरूरत के अनुसार वनरक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्काई वॉक पर एक समय में कितने पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा, उनके भ्रमण की समय-सीमा क्या होगी तथा प्रवेश शुल्क कितना रहेगा, इसके लिए भी विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया है।

बैठक के दौरान यह मामला भी सामने आया कि कुछ लोगों को आधिकारिक उद्घाटन से पहले स्काई वॉक पर प्रवेश दिया गया था। इस पर जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि उद्घाटन से पहले किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पालकमंत्री गणेश नाईक के अलावा सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक हरिश्चंद्र भोये, जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, उपवन संरक्षक (जव्हार), आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यकारी अभियंता तथा जिला नियोजन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Discussion