Menu
Select Language
EN
HI

राशन दुकानों तक समय पर पहुंचेगा अनाज, हर माह 7 तारीख को प्रभावी ढंग से मनाया जाएगा 'अन्न दिवस' सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयासों को मिली सफलता

E

Entertainment Desk

Aug 07, 2026 • 34 Views

राशन दुकानों तक समय पर पहुंचेगा अनाज, हर माह 7 तारीख को प्रभावी ढंग से मनाया जाएगा 'अन्न दिवस' सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयासों को मिली सफलता

 

मुंबई। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी और लाभार्थियों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार के अन्न, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं कि प्रत्येक माह 7 तारीख को मनाए जाने वाले 'अन्न दिवस' के अवसर पर राशन दुकानों तक खाद्यान्न का वितरण निर्धारित समय में पूरा हो, ताकि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस संबंध में पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत सवरा द्वारा 8 जून 2026 को राज्य सरकार को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY), वन नेशन वन राशन कार्ड (ONORC) और ई-पॉस प्रणाली के अंतर्गत संचालित उचित मूल्य राशन दुकानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया था।

सांसद डॉ. सवरा ने अपने ज्ञापन की तीसरी प्रमुख मांग में कहा था कि प्रत्येक माह 7 तारीख को आयोजित होने वाले 'अन्न दिवस' को प्रभावी बनाने के लिए राशन दुकानों तक खाद्यान्न समय पर पहुंचाने की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सांसद की इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र शासन के सक्षम अधिकारियों ने 29 जुलाई 2026 को मुंबई-ठाणे शिधावाटप क्षेत्र के सभी उप नियंत्रकों, सभी जिला आपूर्ति अधिकारियों तथा सभी खाद्यान्न वितरण अधिकारियों को आधिकारिक पत्र जारी किया। पत्र में 23 फरवरी 2012 और 30 जुलाई 2016 के शासन निर्णयों का पालन करते हुए प्रत्येक माह 7 तारीख को 'अन्न दिवस' मनाने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन दुकानों तक खाद्यान्न निर्धारित समय में पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार के इस निर्णय से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की कार्यक्षमता और अधिक मजबूत होगी। साथ ही उचित मूल्य राशन दुकानदारों के कार्य में भी सुविधा आएगी तथा पात्र लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे आम नागरिकों और राशन वितरण व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Discussion