Menu
Select Language
EN
HI

कुर्ला में पहाड़ी का मलबा गिरने से 6 की मौत, 4 घायल; मृतकों के वारिसों को 4 लाख की मदद

सूर्यप्रकाश दुबे

Aug 12, 2026 • 37 Views

कुर्ला में पहाड़ी का मलबा गिरने से 6 की मौत, 4 घायल; मृतकों के वारिसों को 4 लाख की मदद

कुर्ला में पहाड़ी का मलबा गिरने से 6 की मौत, 4 घायल; मृतकों के वारिसों को 4 लाख की मदद

सूर्यप्रकाश दुबे / आरएस न्यूज संवाददाता

मुंबई। कुर्ला पश्चिम स्थित हिमालय सोसाइटी के ऊपर अशोक नगर, टेकड़ी नंबर-3 में बुधवार, 12 अगस्त की भोर करीब चार बजे पहाड़ी की ढलान से मिट्टी और मलबा गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। मलबे की चपेट में नीचे बने 2 से 3 घर आ गए। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद मनपा, मुंबई अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, मुंबई पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

महापौर ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई की महापौर रितू तावडे घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। महापौर ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभाग समिति अध्यक्ष विजयेंद्र शिंदे, अतिरिक्त मनपा आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, एल विभाग के सहायक आयुक्त (प्रभारी) अनिल जाधव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मृतकों के वारिसों को 4 लाख, घायलों को 50 हजार

महापौर रितू तावडे ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के वारिस को तत्काल 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, प्रत्येक घायल को उपचार के लिए 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

संकरे रास्ते के बावजूद बचाव अभियान जारी

मनपा के अनुसार घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा है। यहां एक समय में केवल एक व्यक्ति ही गुजर सकता है। इसके बावजूद मनपा के अधिकारी-कर्मचारी, मजदूर, अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव में लगातार जुटी हुई हैं।

6 की मौत, 4 घायल

कुर्ला भाभा अस्पताल में चार घायलों को उपचार के लिए लाया गया। इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी के सिर में चोट आई है। इसके अलावा मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) घायल हुए हैं। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।

राजावाड़ी अस्पताल में छह लोगों को मृत अवस्था में लाया गया। मृतकों में 14 वर्षीय मोहम्मद समीर अंसारी, 19 वर्षीय साहिल हुसैन अब्दुल काजी, करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति, 2 वर्षीय अबान आरिफ शेख, 4 वर्षीय मनात आरिफ शेख और 27 वर्षीय मरजीना आरिफ शेख शामिल हैं।

हादसे में अब तक कुल 10 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें 6 की मौत और 4 घायल हैं। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Discussion