Menu
Select Language
EN
HI

ऑपरेशन अमानत से यात्रियों को मिला भरोसा, आरपीएफ ने लौटाया लाखों रुपये का सामान

S

SSShukla

Sep 13, 2026 • 161 Views

ऑपरेशन अमानत से यात्रियों को मिला भरोसा, आरपीएफ ने लौटाया लाखों रुपये का सामान

मुंबई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अंधेरी द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और छूटे हुए सामान को सुरक्षित वापस पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन अमानत के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। गश्त के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने यात्रियों के मोबाइल, बैग, लैपटॉप, टैबलेट, नकदी, दस्तावेज और सोने-चांदी के आभूषण सहित लाखों रुपये मूल्य का सामान बरामद कर सत्यापन के बाद संबंधित यात्रियों को सौंपा।
इन कार्रवाइयों में एएसआई ललित कुमार त्रिपाठी की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। गश्त के दौरान मिले सामान को सुरक्षित कब्जे में लेकर पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित यात्रियों तक पहुंचाया गया।
25 अगस्त को महिला यात्री पूजा अनंत कुमार देवले का बैग बरामद किया गया, जिसमें करीब 6.90 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान था। 4 जनवरी को विपिनभाई अमृतलाल आसरा का बैग बरामद हुआ, जिसमें सैमसंग एस-24 अल्ट्रा मोबाइल, नकदी और अन्य सामान सहित करीब 1.59 लाख रुपये का सामान था। 12 अप्रैल को अपर्णा दत्ता का पर्स बरामद हुआ, जिसमें दो आईफोन, नकदी, पहचान संबंधी दस्तावेज और अन्य सामान था। इसकी कीमत करीब 1.52 लाख रुपये बताई गई।
25 मई को विनय सुरेंद्र यादव का ट्रॉली बैग बरामद हुआ, जिसमें कपड़े, जूते, मोबाइल, आभूषण और अन्य सामान सहित करीब 1.40 लाख रुपये की सामग्री थी। 24 फरवरी को मनस्वी मयूर जाधव का करीब 1.30 लाख रुपये मूल्य का सैमसंग एस-24 अल्ट्रा मोबाइल सुरक्षित बरामद कर लौटाया गया।
जनवरी से अगस्त के दौरान आरपीएफ ने विभिन्न यात्रियों के आईफोन, सैमसंग, वीवो, रेडमी, ओप्पो, मोटोरोला सहित अन्य कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, बैग, पर्स, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किए। अगस्त में अनिल अशोक भाटकर का लैपटॉप, बैग और चार्जर सहित करीब 68,499 रुपये का सामान भी सुरक्षित लौटाया गया।
मार्च और अप्रैल में चंद्रशेखर गोविंद उपाध्याय का करीब 76 हजार रुपये के सामान वाला बैग, अभिजीत यशवंत जाधव का करीब 81,300 रुपये के सामान वाला बैग तथा प्राची बोरा का करीब 59 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद कर लौटाया गया। अप्रैल में एक यात्री का करीब 37 हजार रुपये मूल्य का सीसीटीवी कैमरा वायर और विद्युत सामग्री भी बरामद की गई।
अगस्त के अंत में 17 वर्षीय यात्री का करीब 31,999 रुपये मूल्य का मोबाइल और रविशंकर का करीब 32 हजार रुपये मूल्य का बैग भी सुरक्षित बरामद किया गया।
आरपीएफ के आईपीएफ राजीव सिंह सलारिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा बल की प्राथमिकता है। गश्त के दौरान सामान मिलने पर उसे सुरक्षित कब्जे में लेकर संबंधित यात्री की पहचान और सामान का सत्यापन किया जाता है, जिसके बाद सामान उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया जाता है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और जरूरी दस्तावेजों की विशेष निगरानी रखने की अपील की।
स्थानीय सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने आरपीएफ की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन अमानत के तहत यात्रियों का कीमती सामान सुरक्षित वापस पहुंचाने से यात्रियों में सुरक्षा की भावना और आरपीएफ के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।

Discussion