Menu
Select Language
EN
HI

आरपीएफ की तत्परता से महिला यात्री को मिला 75,999 रुपये का खोया सामान

S

SKShukla

Sep 13, 2026 • 126 Views

आरपीएफ की तत्परता से महिला यात्री को मिला 75,999 रुपये का खोया सामान

एस.एस. शुक्ल, वरिष्ठ संवाददाता
मुंबई। रेलवे सुरक्षा बल के ऑपरेशन अमानत के तहत अंधेरी रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर गिरा महिला यात्री का बैग आरपीएफ जवानों ने तत्परता से बरामद कर सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। बैग में मोबाइल, नकदी और अन्य सामान समेत कुल 75,999 रुपये का सामान था।
हेल्पलाइन नंबर 139 से सूचना मिलने के बाद सहायक उपनिरीक्षक ललित कुमार त्रिपाठी ड्यूटी पर तैनात स्टाफ और एमएसएफ कर्मियों के साथ तत्काल प्लेटफार्म नंबर छह के पास पहुंचे। तलाशी के दौरान रेलवे ट्रैक पर महिला यात्री का बैग बरामद कर लिया गया। इसके बाद संबंधित यात्री के परिजनों को बैग मिलने की सूचना दी गई।
बैग में 69,999 रुपये कीमत का सैमसंग गैलेक्सी एस-25 मोबाइल, 3,000 रुपये नकद, मोबाइल चार्जर, महिलाओं का बैग, श्रृंगार का सामान, घर की चाबियां और अन्य जरूरी सामान था। सत्यापन के बाद बैग महिला यात्री के बेटे और बेटी को सुरक्षित सौंप दिया गया।
अंधेरी आरपीएफ निरीक्षक राजीव सिंह सलारिया ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश और मार्गदर्शन में ऑपरेशन अमानत अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ जवान पूरी लगन, निष्ठा और ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी यात्री का खोया सामान सुरक्षित बरामद कर वापस सौंपने से जवानों को विशेष खुशी मिलती है। ऐसे कार्यों से यात्रियों का आरपीएफ पर भरोसा मजबूत होता है और जवानों का उत्साह भी बढ़ता है।
सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला यात्री ने आरपीएफ की तत्परता और सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए आभार जताया।

Discussion

S
shivkumar shukla Jul 30

great news