नई दिल्ली, 15 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर देश के शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहित संसद सदस्यों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने संदेश में भगवान बिरसा मुंडा को साहस और प्रतिरोध का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ जनजातीय समुदाय का नेतृत्व किया और उनके अधिकारों, गरिमा तथा पहचान के लिए आवाज बुलंद की। उनके 'उलगुलान' के ओजस्वी आह्वान ने स्वतंत्रता और न्याय के संघर्ष को नई शक्ति प्रदान की।
उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की अमिट विरासत के साथ देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान को सम्मान देने की बात कही। इस दौरान विभिन्न जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली प्रस्तुतियों का भी अवलोकन किया गया।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में समर्पित है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों ने अनेक आंदोलनों और संघर्षों के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जनजातीय गौरव दिवस देश के समृद्ध जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को सम्मानित करने के साथ-साथ राष्ट्र की स्वतंत्रता और प्रगति में जनजातीय समाज के योगदान को याद करने का अवसर भी प्रदान करता है।
समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए छह जनजातीय लोक कलाकारों ने प्रेरणा स्थल पर पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की जनजातीय सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिली।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.