नई दिल्ली/काहिरा, 15 नवंबर। भारत और मिस्र के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 14 नवंबर को मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंचे। इस आधिकारिक दौरे का प्रमुख उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना तथा आर्थिक और व्यावसायिक सहयोग के नए अवसर तलाशना है। इस यात्रा में 130 से अधिक उद्योगपतियों, व्यापारिक हस्तियों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों का दल भी शामिल है।

काहिरा पहुंचने के बाद पीयूष गोयल ने अपनी यात्रा की शुरुआत हेलियोपोलिस वॉर सिमेट्री में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करके की। उन्होंने प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों के योगदान को नमन किया। इस युद्ध स्मारक में कुल 4,000 सैनिकों की कब्रें और स्मारक हैं, जिनमें 3,727 भारतीय सैनिकों से संबंधित हैं। इनमें लगभग 2,000 सैनिकों ने प्रथम विश्व युद्ध और करीब 1,700 सैनिकों ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने इंडियन कम्युनिटी एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मिस्र में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और मिस्र के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु के रूप में काम कर रहा है।

पीयूष गोयल ने भारत-मिस्र के बीच लगभग 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को दोनों प्राचीन सभ्यताओं के बीच आर्थिक साझेदारी की शुरुआत बताया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मिस्र में लगभग 70 भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं, जिनका कुल निवेश 5 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है। ये कंपनियां स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत और मिस्र के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारस्परिक संपर्कों पर आधारित हैं। समय के साथ दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग का विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचे हैं।

इस दौरे के दौरान भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति (जेटीसी) का सातवां सत्र, संयुक्त व्यापार परिषद (जेबीसी) की बैठक और भारत-मिस्र व्यापार मंच का आयोजन किया जा रहा है। 15 नवंबर को काहिरा में होने वाले संयुक्त व्यापार समिति के सातवें सत्र की सह-अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री डॉ. मोहम्मद फरीद सालेह करेंगे।

कार्यक्रम के तहत मिस्र के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें, प्रमुख उद्योगपतियों के साथ चर्चा तथा अफ्रीकन एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक (एफ्रैक्सिमबैंक), इजिप्शियन जूनियर बिजनेसमैन एसोसिएशन और मिस्र-भारत स्टार्टअप फोरम के प्रतिनिधियों के साथ भी विचार-विमर्श होगा।

इन बैठकों के माध्यम से दोनों देश व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करने के साथ औद्योगिक विकास, नवाचार और व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि इस यात्रा से भारत और मिस्र के आर्थिक संबंधों को नई गति मिलेगी तथा दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग का दायरा और व्यापक होगा।