रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
मुंबई। जय हनुमान क्रीड़ा मंडल की ओर से आयोजित होने वाले सार्वजनिक गणेशोत्सव के लिए रविवार को ‘कालीना के राजा’ की पद प्रतिष्ठा पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय माहौल के बीच विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बप्पा का पूजन कराया।
अखिल भारतीय कुंची कोरवे समाज विकास संस्था एवं मंडल अध्यक्ष परशुराम जाधव ने बताया कि मंडल इस वर्ष अपना 45वां सार्वजनिक गणेशोत्सव मनाने जा रहा है। इसी क्रम में 16 अगस्त को गणेशोत्सव मंडप में बप्पा की पद प्रतिष्ठा की गई।
पूजन कार्यक्रम में सुरेश पवार, बाबू जाधव, प्रकाश पवार, अनिल जाधव, प्रवीण जाधव, अर्जुन पवार, सुरेश जाधव और समीर जाधव सहित मंडल के पदाधिकारी, आमंत्रित अतिथि एवं बड़ी संख्या में गणेश भक्त मौजूद रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूजा के दौरान पूरे परिसर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे।
मंडल द्वारा इस वर्ष 45वें सार्वजनिक गणेशोत्सव के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.