नालासोपारा। पालघर जिला अल्पसंख्यक विकास परिषद एवं मेजरिटी-माइनॉरिटी एनजीओ फोरम (MMNF) की ओर से अल्पसंख्यक विकास जनजागृति अभियान के तहत नालासोपारा पूर्व स्थित पटेल डेयरी फार्म में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वसई-विरार सहित आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का स्वागत वरिष्ठ समाजसेवी हबीब भाई पटेल ने किया। मनोवैज्ञानिक अब्दुल्लाह शेख ने प्रस्तावना रखते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य और अल्पसंख्यक समाज के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जहांगीर शिकलगर ने MMNF के 15 मिशन, संवैधानिक हक और अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों तथा अल्पसंख्यक विकास के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए लोगों को अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है।
डॉ. असलम बारी ने शासन की ओर से अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी और जरूरतमंद लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मारूफ शेख ने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता पर अपनी बात रखते हुए कहा कि समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। वहीं एडवोकेट अमीन दोसकर ने मुस्लिम समाज की वर्तमान परिस्थितियों पर कानूनी जानकारी देते हुए संवैधानिक अधिकारों और उपलब्ध कानूनी उपायों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक समस्याओं और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। उपस्थित अतिथियों ने सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ के प्रतिनिधियों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय के साथ समाजहित में कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के विकास के लिए जागरूकता बढ़ाने, संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.