रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क / संवाददाता
मुंबई। मुंबई की लोकल ट्रेन में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली घटना नायगांव रेलवे स्टेशन पर सामने आई है। ट्रेन में कथित दुर्व्यवहार का विरोध करने पर एक 20 वर्षीय महिला को धक्का दिए जाने का आरोप है। इस घटना में महिला का बायां हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे चिकित्सकों को काटकर अलग करना पड़ा। मामले में भाईंदर रेलवे पुलिस ने 53 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 4 नवंबर की शाम की है। महिला बोरीवली से नायगांव की ओर लोकल ट्रेन से यात्रा कर रही थी। सफर के दौरान एक सहयात्री द्वारा उसके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया गया। महिला ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।
बताया जाता है कि नायगांव स्टेशन पहुंचने पर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने महिला को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच धक्का दे दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका बायां हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना के बाद महिला को तत्काल वसई के जनसेवा अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उसे मुंबई के कूपर अस्पताल में उपचार के लिए स्थानांतरित किया गया। चिकित्सकों को चोटों की गंभीरता के कारण उसका बायां हाथ कोहनी के नीचे से काटना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शुरुआत में इस घटना को रेल हादसा माना जा रहा था, लेकिन 6 नवंबर को अस्पताल में महिला का बयान दर्ज होने के बाद मामले की वास्तविक परिस्थितियां सामने आईं। इसके बाद भाईंदर रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की। रेलवे पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संदिग्ध की पहचान की।
पुलिस ने 9 नवंबर को नायगांव पूर्व निवासी जितेंद्र गिरजप्पा हिरमुखे (53) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई है। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इस घटना ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.