शंकर जगन्नाथ मिश्र 
दिल्ली। 20 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के अंतरराष्ट्रीय संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कुंवर आशीष भदौरिया ने नेपाल में चल रहे आपदा राहत एवं सेवा अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने का अभियान नेपाली मातृशक्ति प्रकोष्ठ के माध्यम से लगातार जारी है।
अभियान प्रथम जगत जननी माता दीपा कटुवाल के मार्गदर्शन तथा नेपाली मातृशक्ति प्रकोष्ठ की अध्यक्षा यमुना कोसी के संचालन में चलाया जा रहा है। नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पत्रकार यबराज आचार्य के नेतृत्व में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
आशीष भदौरिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल राहत सामग्री पहुंचाना नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर सेवा, मानवता और सामाजिक संवेदना की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा किसी सीमा, वर्ग या समुदाय को देखकर नहीं आती, इसलिए जरूरतमंदों की सहायता करना सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने बताया कि नेपाल में चल रहे राहत कार्यों की जानकारी साझा करने तथा आगामी सेवा एवं सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रमों के संबंध में मार्गदर्शन लेने के लिए प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का प्रयास करेगा। इसके लिए पत्र भेजकर मुलाकात का समय निर्धारित कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अभियान से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार नेपाल से शुरू हुआ सेवा कार्य जनसहभागिता और सामाजिक सहयोग के माध्यम से आगे भी विस्तारित किया जाएगा।