सुनील शुक्ल
मुंबई। 22 सितंबर 2026। नवरात्रि उत्सव से पहले सोशल मीडिया पर सामने आए ‘रेंट ए गरबा पार्टनर’ विज्ञापन को लेकर विधायक संजय उपाध्याय ने चिंता जताई है। उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है।
बोरीवली स्थित सेवालय कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में संजय उपाध्याय ने बताया कि इंस्टाग्राम पर सामने आए एक विज्ञापन में ‘रेंट ए गरबा पार्टनर’ के नाम से अलग-अलग पैकेज की जानकारी दी गई है। विज्ञापन में 1000 रुपये में एक घंटे के लिए सिल्वर पार्टनर, जबकि समय बढ़ने के साथ 1500 और 2000 रुपये तथा गोल्ड और प्लैटिनम पार्टनर की पेशकश का उल्लेख है। इसमें दो-तीन घंटे से लेकर 24 घंटे तक की सेवा उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
उपाध्याय ने सवाल उठाया कि नवरात्रि के गरबा आयोजन में इस तरह पार्टनर उपलब्ध कराने की व्यवस्था किस प्रकार की है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह के विज्ञापन के पीछे लड़कियों को फंसाने, धोखाधड़ी या ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियां हो सकती हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की पुलिस के माध्यम से गहन जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि उत्सव श्रद्धा, उपवास और नवदुर्गा की आराधना का पर्व है तथा लोग परिवार के साथ गरबा खेलने जाते हैं। ऐसे में भ्रामक विज्ञापनों को लेकर उन्होंने मीडिया के माध्यम से भी मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पत्रकार परिषद में उत्तर मुंबई भाजपा मीडिया प्रभारी नीला बेन सोनी और पूर्व नगरसेवक प्रवीण शाह दिल्ली भी उपस्थित रहे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.