‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ से पंचायत स्तर तक पहुंचाने का संकल्प
भैयालाल धाकड़, संवाददाता
विदिशा। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कार्यकारिणी एवं समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक जालोरी गार्डन में आयोजित की गई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय पर्यवेक्षक, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान आगामी एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस महारैली, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही अभियान को ब्लॉक, पंचायत और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में भोपाल संभाग प्रभारी एवं विधायक रजनीश सिंह, जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी राजेश रघुवंशी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बालासाहेब थोरात ने कथित वोट चोरी को लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आम नागरिकों के अधिकारों से जोड़कर जन-जन तक पहुंचाएं।
थोरात ने मध्य प्रदेश की मतदाता सूची के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि एसआईआर से पहले प्रदेश में 5,74,06,143 मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या 5,31,31,983 रही, जबकि अंतिम मतदाता सूची में 5,39,81,065 मतदाता दर्ज किए गए। उनके अनुसार, पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 34,25,078 नाम हटाए जाने की जानकारी सामने आई। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
भोपाल संभाग प्रभारी एवं विधायक रजनीश सिंह ने संगठन की समसामयिक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने एसआईआर और मतदाता अधिकारों को लेकर गांव-गांव अभियान चलाने पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी राजेश रघुवंशी ने पायलट प्रोजेक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, एकजुटता और जिम्मेदारी के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मोहित रघुवंशी ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस महारैली में जिले से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महारैली को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए जारी संघर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील शर्मा ने बताया कि बैठक में पूर्व विधायक, कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी, जिला कांग्रेस पदाधिकारी और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में अभियान को संगठन के सभी स्तरों तक पहुंचाने और आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.