Menu
Select Language
EN
HI

गजेंद्र की मौत पर सवाल, परिजनों ने हत्या का जताया शक

A

Aashu garg

Aug 30, 2026 • 23 Views

गजेंद्र की मौत पर सवाल, परिजनों ने हत्या का जताया शक

ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र में गाजियाबाद निवासी गजेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि गजेंद्र के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।

परिजनों के मुताबिक, 19 अगस्त की शाम गजेंद्र अपने साले लालू, साढ़ू संजय और संजय की पत्नी गुड्डी के घर गया था। आरोप है कि शराब पीने के दौरान विवाद हुआ और गाली-गलौज के बाद गजेंद्र के साथ मारपीट की गई। परिवार ने उसके शरीर पर कई चोटों के निशान होने का दावा किया है। कान के ऊपर गहरे घाव और वहां टांके लगाए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

परिजनों का कहना है कि गजेंद्र की गर्दन पर फंदे का स्पष्ट निशान नहीं था। इसी आधार पर परिवार ने मौत की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के बाद से वे लगातार पुलिस चौकी और थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

परिजनों ने पुलिस आयुक्त से सीसीटीवी फुटेज, फोटो-वीडियो और पंचायत की रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज चोटों की विशेषज्ञ जांच और चौकी प्रभारी की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई है।

Discussion