बजाज फाइनेंस ने एफडी की ब्याज दरें 40 बेसिस प्वाइंट तक बढ़ाईं
राजेश दीनानाथ जायसवाल
मुंबई। बजाज फाइनेंस लिमिटेड ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की ब्याज दरों में 40 बेसिस प्वाइंट तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 7 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। कंपनी ने 12 से 60 महीने की अवधि वाली एफडी पर ब्याज दरों में 15 से 40 बेसिस प्वाइंट तक इजाफा किया है। संशोधित दरें नए निवेश और एफडी के नवीनीकरण, दोनों पर लागू होंगी।
नई दरों के अनुसार, सामान्य जमाकर्ताओं को 31 से 60 महीने की एफडी पर अधिकतम 7.75 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसी अवधि में ब्याज दर अधिकतम 8.15 प्रतिशत सालाना है। सामान्य ग्राहकों को 12 से 17 महीने की एफडी पर 6.80 प्रतिशत और 18 से 30 महीने की एफडी पर 7 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए इन अवधियों पर ब्याज दरें क्रमशः 7.20 प्रतिशत और 7.40 प्रतिशत सालाना हैं।
एफडी रिन्यूअल पर अतिरिक्त ब्याज
मैच्योर होने वाली एफडी को दोबारा रिन्यू कराने वाले ग्राहकों को 0.10 प्रतिशत सालाना अतिरिक्त ब्याज मिलेगा। इस अतिरिक्त लाभ के साथ सामान्य जमाकर्ताओं को अधिकतम 7.85 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 8.25 प्रतिशत सालाना तक ब्याज मिल सकता है।
कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सचिन सिक्का के अनुसार, लंबी अवधि की एफडी पर अधिक ब्याज देने का उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर रिटर्न का विकल्प उपलब्ध कराना है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.