एस. के. शुक्ला
पालघर, 13 अक्टूबर 2026। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत भारत निर्वाचन आयोग ने दावे-आपत्तियां दर्ज कराने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 26 अक्टूबर 2026 कर दी है। पालघर जिले में ‘नो मैपिंग’ और ‘एनॉमली’ श्रेणी में शामिल मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (BLO) के पास जमा करने की अपील जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने की है।
**क्या है ‘नो मैपिंग’ और ‘एनॉमली’ श्रेणी?**
मतदाता सूची में दर्ज विवरण की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया चलाई जा रही है। यदि किसी मतदाता का विवरण पिछली मतदाता सूची से मेल नहीं खाता है, तो उसे ‘नो मैपिंग’ श्रेणी में रखा जा सकता है। वहीं, नाम, उम्र, रिश्ते या अन्य विवरणों में विसंगति मिलने पर उसे ‘एनॉमली’ श्रेणी में दर्ज किया जा सकता है। ऐसे मतदाताओं को संबंधित नोटिस में बताए गए दस्तावेज और उपलब्ध प्रमाण निर्धारित समय के भीतर जमा करने होंगे।
**पालघर जिले में सत्यापन प्रक्रिया जारी**
पालघर जिले के डहाणू, विक्रमगढ़, पालघर, बोईसर, नालासोपारा और वसई सहित छह विधानसभा क्षेत्रों में नोटिस जारी करने, दस्तावेज प्राप्त करने और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन की ‘नोटिस एंड हियरिंग रिपोर्ट’ के अनुसार, जिले में कुल 3,92,703 नोटिसों में से 3,92,685 नोटिस तैयार किए गए हैं। इनमें से 1,89,808 नोटिसों के माध्यम से मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने की जानकारी दी गई है। वहीं, 27,071 मतदाताओं के दस्तावेज सत्यापन के लिए प्राप्त हुए हैं।
**नाम अपने आप नहीं कटेगा, अफवाहों से बचें**
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘नो मैपिंग’ या ‘एनॉमली’ श्रेणी में नाम दर्ज होने का अर्थ यह नहीं है कि मतदाता का नाम सूची से स्वतः हटा दिया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार दस्तावेजों का सत्यापन, आवश्यकता पड़ने पर सुनवाई और सक्षम अधिकारी के माध्यम से निर्णय लिया जाता है। इसलिए मतदाताओं को अफवाहों पर विश्वास करने के बजाय आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा करने चाहिए।
**16 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची**
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। नोटिस जारी करने, सुनवाई तथा दावे-आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 10 नवंबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 16 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने अपील की है कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे। उन्होंने ‘नो मैपिंग’ और ‘एनॉमली’ श्रेणी के मतदाताओं से संबंधित BLO से संपर्क कर नोटिस में उल्लिखित दस्तावेज जल्द जमा करने और उनकी प्राप्ति की पुष्टि करने का आग्रह किया है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.