नालासोपारा में 6 लाख से घटकर 3 लाख कैसे हुए मतदाता? हितेंद्र ठाकुर ने उठाए सवाल

सुनील शुक्ला, संवाददाता

विरार। बहुजन विकास आघाड़ी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर ने नालासोपारा में मतदाताओं की संख्या को लेकर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची में हुए बदलावों पर संदेह जताया है। उन्होंने दावा किया कि नालासोपारा में पहले करीब 6 लाख मतदाता थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर लगभग 3 लाख रह गई है। उन्होंने इतनी बड़ी गिरावट के कारणों को स्पष्ट करने की जरूरत बताई।

हितेंद्र ठाकुर के अनुसार, वसई-नालासोपारा-विरार क्षेत्र में पिछले दो वर्षों के दौरान आबादी तेजी से बढ़ी है। ऐसे में मतदाताओं की संख्या में भी वृद्धि होने की उम्मीद थी। उनके अनुमान के मुताबिक, इस अवधि में मतदाताओं की संख्या में करीब 50 हजार की बढ़ोतरी होनी चाहिए थी। इसके विपरीत नालासोपारा में मतदाताओं की संख्या घटकर लगभग 3 लाख रह जाने का दावा किया जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है, तो मतदाताओं की संख्या में इतनी बड़ी गिरावट कैसे आई? मतदाता सूची में बदलाव किन कारणों से किए गए और पहले सूची में दर्ज मतदाताओं के नामों का क्या हुआ? इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की आवश्यकता है।

मतदाताओं की संख्या में कथित गिरावट का मामला सामने आने के बाद मतदाता सूची में नामों के विलोपन, नए मतदाताओं के पंजीकरण और सूची के पुनरीक्षण से जुड़े आंकड़े महत्वपूर्ण हो गए हैं। हालांकि, पहले और वर्तमान मतदाताओं की संख्या के दावे की पुष्टि निर्वाचन विभाग के आधिकारिक आंकड़ों से होना आवश्यक है। आधिकारिक आंकड़ों और मतदाता सूची के तुलनात्मक अध्ययन से ही इस बदलाव की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।