वसई-विरार मनपा की बड़ी कार्रवाई, 4,200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
एस. के. शुक्ला
विरार: वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विरार पश्चिम के विराट नगर स्थित सुख सागर परिसर में एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 4,200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया। इस मामले में संबंधितों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
महानगरपालिका क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए मनपा प्रशासन की ओर से नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रार्थना पैकेजिंग के गोदाम में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान वहां बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण पाए जाने पर मनपा की टीम ने उसे जब्त कर लिया।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए महानगरपालिका का सहयोग करने की अपील की है।
यह कार्रवाई उपायुक्त अर्चना दिवे के मार्गदर्शन में की गई। इस दौरान सहायक आयुक्त जितेंद्र नाईक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक निलेश जाधव, स्वच्छता निरीक्षक संजय सावंत, प्रणित तेली, दुर्गेश ठसाळे सहित संबंधित कर्मचारी और सफाईकर्मी मौजूद रहे।
Join the discussion (1 approved)
New