कैराना। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर हरियाणा के पानीपत से परिवार के साथ यमुना स्नान के लिए आए दो चचेरे भाई गहरे पानी में डूब गए। इनमें से एक को तैराक युवक ने बचा लिया, जबकि 11वीं कक्षा के छात्र विमल (18) की तलाश जारी है। छात्र का परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के ग्राम मंसापुरा का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में पानीपत के तहसील कैंप में रह रहा है।
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे विमल और उसका चचेरा भाई विवेक (09) परिवार के अन्य सदस्यों के साथ यमुना स्नान के लिए आए थे। दोनों भाई हरियाणा की ओर यमुना में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान विवेक पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए विमल आगे बढ़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया।
दोनों भाइयों को डूबता देख किनारे खड़े एक तैराक युवक ने यमुना में छलांग लगाकर विवेक को बचा लिया, जबकि विमल का पता नहीं चल सका। सूचना पर यमुना ब्रिज पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कराई। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई।
इसके बाद एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार यमुना ब्रिज पहुंचे। अधिकारियों ने आसपास से निजी गोताखोरों को बुलवाकर तलाश अभियान शुरू कराया। करीब आधा दर्जन गोताखोर ऑक्सीजन सिलेंडर की सहायता से यमुना की गहराई में जाकर युवक की तलाश करते रहे, लेकिन काफी समय तक सफलता नहीं मिली।
इसी बीच ऑक्सीजन सिलेंडर में गैस खत्म होने के कारण अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। ऑक्सीजन सिलेंडर लेने के लिए गोताखोर पानीपत रवाना हो गए।
बताया गया कि विमल 11वीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता नरदेव पानीपत में रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पिता नरदेव, माता सरवेस, बहन अंशु और भाई अरुण यमुना किनारे विमल के सकुशल बरामद होने की आस लगाए बैठे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने बताया कि यमुना नदी में डूबे युवक की तलाश कराई जा रही है। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए लोगों से यमुना स्नान के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की।