प्रमोद मिश्रा/जिला संवाददाता
चित्रकूट। पहाड़ी विकासखंड की भानपुर ग्राम पंचायत के सिधौली लोधन पुरवा में रविवार को भगवान भजन आश्रम ट्रस्ट, चित्रकूट की ओर से 45 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई। इस दौरान पीड़ित परिवारों को खाद्य सामग्री, बर्तन और कपड़े दिए गए।
ट्रस्टी बिहारीलाल सराफ की प्रेरणा तथा समाजसेवी श्याम जी, जालौन, दिल्ली और केशवगंज के सहयोग से राहत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हाल ही में आई बाढ़ से लोधन पुरवा में काफी नुकसान हुआ था। कई कच्चे मकान ढह गए थे और ग्रामीणों का अनाज, कपड़े व घरेलू सामान बाढ़ में बह गया था।
बाढ़ पीड़ितों की स्थिति की जानकारी मिलने पर भगवान भजन आश्रम के प्रबंधक रामावतार यादव, जिला उपभोक्ता फोरम के पूर्व न्यायिक सदस्य केशव प्रसाद यादव और उनकी टीम गांव पहुंची। टीम ने पीड़ित परिवारों को आटा, चावल, दाल, तेल, बर्तन और वस्त्र वितरित किए।
ग्रामीण हिमांशु राजपूत ने बताया कि बाढ़ के बाद पहली बार किसी संस्था ने इतनी बड़ी मात्रा में सहायता पहुंचाई है। इसके लिए पूरा गांव दानदाताओं का आभारी है।
पूर्व न्यायिक मजिस्ट्रेट केशव प्रसाद यादव ने बताया कि बाढ़ आने के बाद से पिछले एक माह से भगवान भजन आश्रम की ओर से जनपद के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों, मजरों और पुरवों में घर-घर जाकर राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर सभासद शंकर प्रसाद, मैयादिन कुशवाहा, अजय कुमार साहू, रविंद्र शर्मा, लवलेश सिंह यादव, सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.