रवीन्द्र मिश्रा /
जूचंद्र। कर्मवीर विद्यालय, जूचंद्र में पद्मभूषण कर्मवीर भाऊराव पाटिल की 139वीं जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके जीवन पर आधारित रंगोली बनाई गई। विद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कक्षा का उद्घाटन रयत शिक्षा संस्था के उपाध्यक्ष एडवोकेट भागीरथ शिंदे के हाथों किया गया।
विद्यालय में वर्षभर शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित पत्रिका ‘क्षितिज’ का प्रकाशन उपस्थित अतिथियों के हाथों किया गया। इस अवसर पर रायगढ़ विभाग के विभागीय चेयरमैन बालाराम पाटिल तथा जूनियर कॉलेज के प्राध्यापक निलेश दत्ताराम गवली को वर्ष 2026 के आदर्श शिक्षक कर्मवीर सम्मान से सम्मानित किया गया।
विद्यालय व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष एवं रायगढ़ विभाग सलाहकार समिति के सदस्य पुरुषोत्तम पाटिल के अमृत महोत्सव यानी 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में बैंक में 75 हजार रुपये की एफडी जमा की गई। इस एफडी से मिलने वाले ब्याज का उपयोग विद्यालय में दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने के लिए किया जाएगा।
विद्यालय के कला शिक्षक फर्डे सर तथा एटीएल विभाग की शिक्षिका श्रीमती सालुंखे की परिकल्पना से तैयार किया गया चलता-फिरता वटवृक्ष कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को गुरुकुल शिक्षक एवं शिक्षिका पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में रयत शिक्षा संस्था के उपाध्यक्ष एडवोकेट भागीरथ शिंदे, रायगढ़ विभाग के विभागीय चेयरमैन बालाराम पाटिल, सहसचिव बंडू पवार, मोहन कोंगरे, किशोर पाटिल, रवीन्द्र भोईर, विनय पाटिल और पुरुषोत्तम पाटिल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.