रवीन्द्र मिश्रा
मुंबई। मुंबई की अधिष्ठात्री देवी मां मुंबादेवी के मंदिर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 11 से 21 अक्टूबर तक धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर प्रबंधक हेमंत जाधव के अनुसार, रविवार 11 अक्टूबर को सुबह 5:30 बजे मंगला आरती के साथ मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। सुबह 9 बजे से 9:20 बजे के बीच शुभ मुहूर्त में वैदिक रीति-रिवाज से घट स्थापना होगी। मंदिर के अनुबंधित 25 पुजारी क्रमवार दुर्गा सप्तशती का पाठ करेंगे।
नवरात्रि उत्सव के दौरान मंदिर प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से रात 10 बजे तक दर्शन के लिए खुला रहेगा। 15 अक्टूबर को ललिता पंचमी के अवसर पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। वहीं, 20 अक्टूबर को विश्व कल्याण की कामना से विद्वान ब्राह्मणों द्वारा नवचंडी हवन-यज्ञ किया जाएगा। यह अनुष्ठान सुबह 5:30 बजे शुरू होकर लगभग 11:30 बजे तक संपन्न होगा। 21 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। धूप से बचाव के लिए मंडप, पीने के पानी और शर्बत की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय पुलिस भी व्यवस्था संभालेगी। वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग दर्शन व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वार पर स्कैनर और हैंड डिटेक्टर के साथ सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी।
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन के लिए आते समय अपने साथ भारी सामान न लाएं। मां मुंबादेवी के प्रति मुंबईवासियों की गहरी आस्था है और भक्त नए काम-धंधे की शुरुआत से पहले भी मां का आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचते हैं।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.