शंकर जगन्नाथ मिश्रा
ठाणे। हिंदी पखवाड़े के दौरान सांस्कृतिक कार्य विभाग, महाराष्ट्र शासन के अधीन महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, लक्ष्य फाउंडेशन और शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शेठ एन.के.टी.टी. सभागार में ‘बाल अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, काव्यपाठ और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 75 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि के साथ पुस्तकें और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. दामोदर खड़से, विशिष्ट अतिथि आनंद सिंह, सुरेश मिश्र, डॉ. जितेंद्र पाण्डेय, शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज की प्राचार्या मनीषा ठक्कर और राजेंद्र चव्हाण उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका ओमप्रकाश तिवारी और प्रो. अंजनी कुमार द्विवेदी ने निभाई।
डॉ. दामोदर खड़से ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी भाषा भारत की आत्मा एवं राष्ट्रीय एकता का सूत्र है। आनंद सिंह ने विद्यार्थियों को भाषण कला, उच्चारण कौशल और उसकी बारीकियों के बारे में जानकारी दी। डॉ. जितेंद्र पाण्डेय ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में बताया। वहीं, सुप्रसिद्ध हास्य कवि सुरेश मिश्र ने अपनी कविताओं की प्रस्तुति से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
लक्ष्य फाउंडेशन के कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट राजीव मिश्र ने बताया कि अकादमी के सहयोग से इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के उत्थान एवं प्रचार-प्रसार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की प्राध्यापिकाओं प्रतिभा पाटील और ललिता नारखेडे ने किया। कार्यक्रम के अंत में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सचिव सचिन निम्बालकर ने सभी अतिथियों एवं कॉलेज प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.